मेडिकल कॉलेज के एमसीएच बिन में स्थित बाल रोग विशेषज्ञ ओपीडी में बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी
सिद्धार्थनगर। मौसम में बदलाव और पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण वायरल संक्रमण ने लोगों को गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। सर्दी-जुकाम, बुखार और फंगल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इस सप्ताह लगभग पांच हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया गया। इनमें ज्यादातर मरीज मौसमी बीमारियों से ग्रसित रहे।
माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में शनिवार को वायरल फीवर, सर्दी, जुकाम व बारिश होने से बच्चों व स्किन रोग के मरीजों की संख्या अधिक रही। मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव दुबे ने बताया कि इस समय सबसे ज्यादा मरीज वायरल और सर्दी-जुकाम से परेशान हैं। तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, खांसी और गले में खराश जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय में मरीज समय-समय पर डॉक्टर से परामर्श लें और खुद से एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नम्रता भारती ने कहा कि बच्चों में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता के चलते छोटे बच्चे मौसम की चपेट में अधिक आ रहे हैं। वहीं डॉ. अरफुल खान ने बताया कि फंगल संक्रमण के मामलों में भी इजाफा हुआ है।