सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में मरीजों को अब दवा और जांच का पर्चा ऑनलाइन लिखा जाएगा। इससे मरीजों को न तो दवा का नाम पढ़ने में दिक्कत होगी और न ही पर्चा खोने का ही डर रहेगा। मरीज पर्चा बनवाकर लाएगा उसके बाद नंबर के आधार पर सभी दवाएं और जांच कर कंप्यूटरीकृत रिपोर्ट भी दी जाएगी। इसके लिए सभी ओपीडी में प्रिंटर भी रखे जा रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज की सभी ओपीडी में मरीजों को अभी हाथ से लिखकर ही दवा और जांच का पर्चा दिया जाता है। मरीजों को समझ में न आने के अलावा दवा और जांच की जानकारी दर्ज भी नहीं हो पाती है। ऐसे में मरीजों को बेहतर सुविधा देने और उनकी केस हिस्ट्री रखने के लिए कंप्यूटर से पर्चा बनवाने की व्यवस्था शुरू की गई है।
मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 15 सौ से अधिक मरीजों का इलाज किया जाता हैं। ऐसे में इनकी बीमारी व जांच व दवा का विवरण रखने के लिए नई सुविधा लागू की जा रही हैं। भविष्य में मरीजों के लिए फायदेमंद साबित होगी। ऐसा इसलिए कि अगर मरीज का पर्चा गायब भी हो जाता है तो ऑनलाइन उपलब्ध रहने से उन्हें इसका दोबारा प्रिंट आउट मिल जाएगा।