सिद्धार्थनगर। विद्यालयों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच अब सिर्फ कागजात, फिटनेस और निर्धारित मानकों तक सीमित नहीं रहेगी। वाहनों में लगे कैमरे और उनके संचालन की स्थिति भी जांच के दायरे में होगी।
अब संभागीय परिवहन विभाग की टीम निरीक्षण के दौरान कैमरा लगा और वह संचालित हो रहा है या नहीं, इसकी जांच भी करेगी। संचालित न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल वाहनों से होने वाले हादसों को देखते हुए शासन अलर्ट है। विद्यालय वाहनों की जांच और कार्रवाई के संबंध में समय-समय पर अभियान चलाया जा रहा है। अनफिट और बिना मानक वाले वाहन किसी भी हाल में संचालित न होने पाए, इसके लिए जांच के संबंध में नए दिशा-निर्देश जारी हुए हैं। जनपद में 700 से अधिक विद्यालय वाहन संचालित हो रहे हैं और सभी ऑनलाइन दर्ज हैं। इसमें विद्यालयों में मिशन सेफ के तहत विद्यालय वाहनों की जांच की जा रही है। अभी तक विद्यालय वाहन के कागजात, फिटनेस आदि की जांच होती थी। अब वाहन में कैमरे पर विशेष फोकस होगा। विद्यालय वाहनों पर कैमरा लगाए जाने के संबंध में बहुत पहले ही दिशा-निर्देश जारी हुए हैं लेकिन अनुपालन कम होता था।
अब नियमों के पालन पर जोर दिया जा रहा है। कागजात के जांच के साथ ही विद्यालय वाहनों में लगे कैमरों की जांच की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा के साथ गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अहम माना जा रहा है।