- स्वर्ण व्यवसायियों ने डेढ़ माह से पूरी तरह से बुकिंग पर लगाई थी रोक
- पिछले कई दिनों से घट रहे दाम से और सस्ता होने का इंतजार कर रहे हैं ग्राहक
सिद्धार्थनगर। सोने-चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव से जहां ग्राहक असमंजस की स्थिति में हैं, वहीं स्वर्ण व्यवसायी भी सतर्कता बरत रहे हैं। बीते डेढ़ माह से अधिकांश सर्राफा कारोबारियों ने आभूषणों की बुकिंग पूरी तरह बंद कर रखी है। कारोबारियों का कहना है कि उन्हें भी आभूषण नकद भुगतान पर ही मिल रहे हैं, जिससे जोखिम बढ़ गया है।
पिछले कुछ दिनों से सोने-चांदी के दामों में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके बावजूद ग्राहक अभी खरीदारी से दूरी बनाए हुए हैं। आम धारणा है कि कीमतें और नीचे जा सकती हैं, इसी उम्मीद में लोग इंतजार कर रहे हैं। लगभग पांच दिन पहले जो चांदी चार लाख रुपये प्रति किलो से अधिक तक पहुंच गया था। वर्तमान समय में वहीं ढाई लाख प्रति किलो की दर पर बेची जा रही है। प्रतिदिन हो रही गिरावट से ग्राहक चांदी को पुराने रेट पर आने का इंतजार कर रहे हैं जबकि व्यवसायियों के अनुसार अब दाम घटने की उम्मीद कम है। ऐसे में खरीदारी करने वाले ग्राहकों को रुपया के अनुसार ही सोना दिया जा रहा था। स्वर्ण व्यवसायी भीमचंद्र कसौधन ने बताया कि सोने-चांदी का दाम घटने से ग्राहक की भीड़ कम हुई है, पिछले कई दिनों से घट रही दाम से लोगों को अभी और कमी होने का अनुमान है। इससे सहालग वाले भी खरीदारी करने से परहेज कर रहे हैं।
-
चांदी पर लोगों ने किया निवेश, अब पछतावा
चांदी की बढ़ते दाम को देखकर लोगों ने चांदी पर निवेश करना शुरू कर दिया था। स्वर्ण व्यवसायियों के अनुसार चांदी आठ लाख के पार जाने की उम्मीद थी। इससे ग्राहक 200 ग्राम से लेकर एक किलो तक की चांदी की खरीदारी की, लेकिन अचानक दाम घटने से बाजार में सुस्ती छाई हुई है जबकि खरीदारी करने वाले लोग इससे मायूस हैं। वहीं, शादी-विवाह और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए गहने खरीदने वाले ग्राहक भी फिलहाल आगे नहीं आ रहे हैं। इससे सर्राफा बाजार की रौनक पर असर पड़ा है।
-
बोले ग्राहक
मध्यम वर्गीय परिवार के लिए अभी भी सोना चांदी बहुत महंगा है। ऐसे में पहले के मुताबिक दाम घटे तो खरीदारी करने के लिए लोग प्रयास करें। शादी व अन्य कार्यक्रम के लिए गहना खरीदने वाले लोग भी अभी आगे आने से कतरा रहे हैं।
- संगीता, ऑफिसर्स काॅलोनी
-
भतीजी की शादी के लिए सोना खरीदना था, लेकिन लगातार हो रही दाम में कमी के कारण अभी खरीदारी नहीं कर रहे हैं। सोने-चांदी का दाम घटेगा तो मध्यम वर्ग के लोगों को कम रुपया में पर्याप्त जेवरात खरीदने में सहूलियत मिलेगी।
- गोविंद ओझा, शिवपुरी काॅलोनी