रोडवेज सिद्धार्थनगर पर खुले में खड़े यात्री।
- फोटो : संवाद
सिद्धार्थनगर। बस डिपो पर छाजन की व्यवस्था न होने से यात्रियों को पानी में भीग कर बस का इंतजार करना पड़ रहा है। कई बार बरसात अधिक तेज होने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ जाती है। बढ़ती समस्या से यात्री रोडवेज पर कम आ रहे हैं।
रोडवेज डिपो पर परिवहन निगम की 53 बस मौजूद हैं। इसमें से लखनऊ, गोरखपुर, दिल्ली, कानपुर, बस्ती, वाराणसी, अयोध्या, बलरामपुर, सोनौली, झांसी सहित कई रूटों पर संचालित होती हैं, लेकिन डिपो पर यात्रियों के बैठने के लिए छाजन की व्यवस्था नहीं होने से लोगों का रोडवेज से मोह भंग हो रहा है।
यात्रियों ने बताया कि रोडवेज स्टैंड बनने के बाद आज तक डिपो पर छाजन की सुविधा नहीं हो पाई। इससे ठंडी, गर्मी और बरसात में यात्रियों को डिपो पर बस का इंतजार करने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या बढ़ने से लोगों को और भी परेशान होना पड़ रहा है। बुधवार को पूरे दिन रुक-रुककर मध्यम से तेज बरसात होती रही है। आलम यह रहा कि शहर में पूरे दिन सन्नाटा छाया रहा, लेकिन अपने गंतव्य तक जाने के लिए यात्री वाहन का सहारा ले रहे थे।
रोडवेज स्टैंड पर भी यात्री बस के इंतजार में खड़े नजर आए। इस दौरान कई यात्री रोडवेज स्टैंड के भवन के पास बरसात से बचने के लिए खड़े थे, लेकिन बारिश तेज होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही थी।