शोहरतगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अंतर्गत अतरी, अलीदपुर और माधवपुर पीएचसी सहित 14 जन आरोग्य मंदिरों पर सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों को इलाज के लिए सीएचसी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
इससे केंद्र पर मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी, बुखार जैसी सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए भी लोगों को कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं, टीकाकरण के लिए भी महिलाओं को अपने गांव से दूर सीएचसी पहुंचना पड़ रहा है। इससे समय और पैसे की अतिरिक्त खपत हो रही है। पल्टादेवी की पुष्पा देवी ने कहा कि पहले पल्टादेवी के जन आरोग्य मंदिर में ही टीकाकरण हो जाता था। संविदा कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद केंद्र बंद है। बुधवार को टीकाकरण के लिए 15 किलोमीटर दूर शोहरतगढ़ आना पड़ा।
पतियापुर की मनीषा ने बताया कि संविदा कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से टीकाकरण के लिए शोहरतगढ़ सीएचसी आना पड़ा। पहले अतरी पीएचसी पर टीकाकरण हो जाता था। इस बार गांव से दो किलोमीटर पैदल चलकर बानगंगा पहुंची। वहां से साधन पकड़कर शोहरतगढ़ आना पड़ा।