ढेबरुआ। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत की गई मॉनिटरिंग में लापरवाही उजागर हुई है। 25 अक्तूबर को बढ़नी ब्लॉक के सुरजी गांव में की गई जांच में यह पाया गया कि यहां झाड़ी कटाई और नालियों की सफाई का कार्य नहीं कराया गया। पांच घरों के सर्वे में किसी भी घर में झाड़ी कटाई और नालियों की सफाई नहीं मिली।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शीला ने सभी पांच परिवारों तक पहुंच बनाई जबकि आशा कार्यकर्ता का नाम उपलब्ध नहीं रहा। पांच में से केवल एक परिवार अर्थात 20 फीसदी के पास शौचालय और शुद्ध पेयजल की सुविधा पाई गई। फॉगिंग, लार्वा नाशक दवा डालने और जलभराव हटाने जैसे आवश्यक कार्य भी नहीं किए गए। हालांकि, गांव में संचारी रोगों से बचाव को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। लेकिन स्कूलों में बच्चों को बीमारियों से बचाव की जानकारी नहीं दी गई। रिपोर्ट से स्पष्ट है कि अभियान के प्रति संबंधित विभागों की उदासीनता अब भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है ताकि बीमारियों का प्रकोप न बढ़े।