ढेबरुआ व भारत-नेपाल सीमा के कृष्णनगर क्षेत्र में नवरात्रि पर्व पर भारी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु भव्य पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। धार्मिक कार्यक्रमों और बाजारों से क्षेत्र में खास रौनक है।
ढेबरुआ। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बढ़नी कस्बा और नेपाल के कृष्णनगर नगर पालिका क्षेत्र में नवरात्रि पर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। शाम होते ही नेपाल के लोग भी दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। देवी गीतों पर श्रद्धालु झूम रहे हैं और मां की जय-जयकार कर रहे हैं।
विज्ञापन
नगर के विभिन्न मोहल्लों और चौराहों पर भव्य पंडाल सजाकर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। प्रतिमाओं के दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। जगह-जगह मां के जयकारे गूंज रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। सजावट से सजे पंडालों की छटा देखते ही बनती है।
स्थानीय समितियों की ओर से सुरक्षा, सफाई और भक्तों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। सप्तमी से नवमी तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। वहीं क्षेत्र में दुकानों के लगने से चारों ओर रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां दुर्गा के दर्शन से मन को शांति मिलती है।