- विकास भवन के डॉ. आंबेडकर सभागार में होगा आयोजन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर होगी परिचर्चा
सिद्धार्थनगर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय अखंडता दिवस मनाया जाएगा। विकास भवन स्थित डॉ. आंबेडकर सभागार में सुबह 11:30 बजे कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर परिचर्चा की जाएगी।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में एसएसबी के 30 जवानों, आशा कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड और एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता रहेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक को 30 और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को 20 विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका परिषद को विभिन्न समुदायों के लोगों और सभासदों को शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।