- कंपोजिट विद्यालय मधुकरपुर स्थित बूथ पर पहुंचकर नए मतदाताओं को जोड़ने की अपील
- जनवरी 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों का फाॅर्म-6 भरवाने पर दिया जोर
सिद्धार्थनगर। शहर के कंपोजिट विद्यालय मधुकरपुर स्थित बूथ पर पहुंचकर सांसद जगदंबिका पाल ने लोगों को मतदाता बनने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे मतदाता बढ़ाओ अभियान के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रियता से काम करना चाहिए।
सांसद ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर अभियान को गति दी जा रही है। उन्होंने अपील की कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं और जिनकी आयु जनवरी 2027 में 18 वर्ष पूरी हो रही है, उनका फार्म भरवाकर जमा कराया जाए। इसके अलावा शादी के बाद दूसरे स्थान से आकर बसी महिलाओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
उन्होंने नगर पालिका के कंपोजिट विद्यालय मधुकरपुर के बूथ अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए सक्रियता से अभियान चलाने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।