फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: एमएलसी चुनाव कल, शिक्षक मतदाताओं को साधने में जुटे प्रत्याशी

विज्ञापन
विज्ञापन
- भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी, सपा के संजयन त्रिपाठी और निर्दलीय अजय सिंह समेत 17 प्रत्याशी मैदान में
विज्ञापन

- सिद्धार्थनगर में आठ मतदान केंद्र, शिक्षक संगठनों की सक्रियता और व्यक्तिगत संपर्क पर नजर

सिद्धार्थनगर। विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान से एक दिन पहले चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशी और समर्थक शिक्षक मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। चुनाव में कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव में राजनीतिक दलों के समर्थन के साथ शिक्षक संगठनों की भूमिका, प्रत्याशियों का व्यक्तिगत संपर्क और शिक्षकों से जुड़े मुद्दे भी अहम माने जा रहे हैं।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 17 जिले शामिल हैं और करीब 54,303 शिक्षक मतदाता हैं। इनमें 2784 मतदाता सिद्धार्थनगर जिले के हैं। इस बार का चुनाव बदले राजनीतिक समीकरणों के कारण भी चर्चा में है। ध्रुव कुमार त्रिपाठी इस सीट से लगातार तीन बार विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। चौथी बार उन्हें भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, डॉ. संजयन त्रिपाठी पहले भाजपा से टिकट के दावेदार थे। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की थी लेकिन बाद में सपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे चुनावी मुकाबले में दलगत समर्थन के साथ प्रत्याशियों के व्यक्तिगत संपर्क का महत्व भी बढ़ गया है।
विज्ञापन

निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह भी चुनाव मैदान में हैं। पिछले चुनाव में वह दूसरे स्थान पर रहे थे। इनके अलावा डॉ. राकेश सिंह, राजीव यादव, सत्यपाल सिंह, डॉ. शरदेंदु कुमार त्रिपाठी, निरंकार राम त्रिपाठी, अजीत कुमार सिंह, संगीता सिंह, देव भास्कर तिवारी, राजेश पांडेय, शिव श्याम यादव, दिनेश कुमार मिश्र, पंकज कुमार, राकेश कुमार तिवारी और रामप्रताप राम भी चुनाव मैदान में हैं। अलग-अलग दावों और संपर्क अभियानों के बीच शिक्षक मतदाताओं का रुख महत्वपूर्ण हो गया है।
23 अक्तूबर को मतदान और 27 को मतगणना होनी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इस चुनाव पर राजनीतिक दलों और शिक्षक संगठनों की भी नजर है। फिलहाल, मतदान से पहले प्रत्याशियों के संपर्क अभियान का अंतिम दौर चल रहा है।

शिक्षक हितों के मुद्दे भी अहम
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याएं और संगठनात्मक मांगें चर्चा के केंद्र में रहती हैं। पुरानी पेंशन, वित्तविहीन शिक्षकों की स्थिति, तदर्थ शिक्षकों की समस्याएं और सेवा संबंधी अन्य विषय मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं। प्रत्याशियों के सामने इन मुद्दों पर अपना पक्ष रखने के साथ विभिन्न जिलों में शिक्षक मतदाताओं तक पहुंचने की चुनौती है। निर्वाचन क्षेत्र में कई जिले शामिल होने के कारण स्थानीय स्तर पर संपर्क और संगठनात्मक नेटवर्क भी चुनावी गतिविधियों का हिस्सा हैं।
विज्ञापन

-
सिद्धार्थनगर में आठ मतदान केंद्र
सिद्धार्थनगर जिले में मतदान के लिए आठ केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें नौगढ़ तहसील कार्यालय भवन, बर्डपुर क्षेत्र पंचायत भवन, बांसी तहसील कार्यालय भवन, खेसरहा क्षेत्र पंचायत भवन, शोहरतगढ़ तहसील कार्यालय भवन, बढ़नी तहसील कार्यालय भवन, इटवा तहसील कार्यालय भवन और डुमरियागंज तहसील कार्यालय भवन शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदाता सूची में नाम दर्ज शिक्षक अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें