फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: मामूली विवाद में अधेड़ की बेरहमी से पिटाई, मौत

Fri, 19 Sep 2025 11:47 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
मृतक शेषमन के गांव के बाहर पुलिस आने पर जुटी भीड़। संवाद
विज्ञापन
- खेसरहा क्षेत्र के छितौनी गांव में हुई वारदात, लापरवाही में दरोगा व चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी लाइनहाजिर
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
खेसरहा (सिद्धार्थनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में शुक्रवार सुबह रास्ते के विवाद में शेषमन शर्मा (50) की गांव के ही कुछ लोगों ने पीट कर हत्या कर दी। मृतक के बेटे सुधीर की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के छितौनी गांव निवासी सुभाष पांडेय शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर लेकर शेषमन (50) के घर के सामने से जा रहा था। बारिश की वजह से कीचड़ हो गया था। इसलिए शेषमन ने सुभाष को कीचड़ में बचाकर ट्रैक्टर निकालने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर सुभाष आक्रोशित हो गया और कीचड़ में ट्रैक्टर दौड़ाने लगा। विरोध करने पर सुभाष और उसके बेटों ने शेषमन पर हमला कर दिया। इस दौरान चोट लगने से शेषमन बेहोश हो गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए पर वहां इलाज नहीं मिलने पर जिला अस्पताल ले गए। वहां से उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया पर धानी के पास रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन

इससे नाराज परिजनों ने शव को गांव पर लाकर बांसी-धानी मार्ग पर रखकर रास्ता जाम कर दिया और हत्यारोपियों को पकड़ने की मांग करने लगे। सूचना पर एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद व सीओ डुमरियागंज मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आश्वासन पर परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन

चौकी प्रभारी सहित तीन लाइनहाजिर
खेसरहा थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में हुई मारपीट में अधेड़ की मौत मामले में एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने चौकी प्रभारी सकारपार नंदलाल यादव के अलावा उपनिरीक्षक संजय कुमार तिवारी थाना खेसरहा और आरक्षी अखिलेश सिंह को लाइनहाजिर कर दिया गया है। सिद्धार्थनगर थाना में तैनात एसआई राहुल गुप्ता को चौकी प्रभारी सकारपार बनाया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें