- पूरे साल में 62 दिन की लगन, रोज सैकड़ों शादियां, कारोबार को मिली रफ्तार
बस्ती। एक माह तक खरमास में शांत पड़ी शहनाई बजने के दिन आ गए। 23 जनवरी को वसंत पंचमी पर वैवाहिक लगन का पहला दिन है। इसको लेकर बाजार में गहमागहमी तेज हो गई है। होटलों, मैरिज लॉन की बुकिंग, पंडितों से फीडबैक के मुताबिक 62 दिन की लगन का कोई ऐसा दिन नहीं है, जिस दिन दो-तीन सौ से कम शादियां हों। वैसे तो पांच फरवरी से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे, लेकिन 22 जनवरी बसंत पंचमी पर निर्बाध लग्न में बड़ी संख्या में युगल सात फेरे लेंगे। इसके लिए तैयारी जोरों पर है। ज्वेलरी, कपड़े, होटल, ऑटो मोबाइल्स समेत बाजार के अलग-अलग सेक्टर में व्यापारी कुल करीब तीन सौ करोड़ का कारोबार होने का अनुमान लगा रहे हैं।
काफी लोग जिनकी शादियां पहले से तय हैं, उन लोगों ने होटल, टेंट, बैंड बाजा और घोड़ा बग्गी, आतिशबाजी के लिए एडवांस बुकिंग करा रखी है। लग्जरी कार, बसें भी खूब बुक किए गए हैं। बड़े-बड़े प्रतिष्ठान और छोटे व्यापारी लगन में अधिक मुनाफा कमाने के लिए हर जतन किए हुए हैं। कपड़ा, आभूषण और ऑटोमोबाइल कारोबार में तेजी आई है। होटल कारोबारी शुभम श्रीवास्तव बताते हैं कि इस बार अच्छी बुकिंग हो रही है। लोगों की सुविधाओं को देखते हुए प्रबंध किए जा रहे हैं।
सहालग में कपड़े, बर्तन, गिफ्ट, इलेक्ट्राॅनिक उत्पाद की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने को है। अभी तक खरमास के कारण लोग खरीदारी कम कर रहे थे। मगर इसमें तेजी आने लगी है। इलेक्ट्राॅनिक सामग्रियों के विक्रेता सत्यम उपाध्याय बताते हैं कि शादी के मद्देनजर लोग पहले से ही एसी, फ्रिज, वाॅशिंग मशीन, गीजर, टीवी आदि की बुकिंग करा रखे हैं। उनकी डिलीवरी शादी का दिन करीब आने के बाद होगी।
स्वर्ण व्यवसायी संघ के अध्यक्ष मिट्ठू प्रसाद कसौधन बताते हैं कि इस साल ज्वेलरी खासकर सोने-चांदी के भाव काफी ऊपर चढ़े हुए हैं। इसके बावजूद पिछले सीजन से इस बार 20 फीसदी ज्यादा कारोबार की उम्मीद है।
सभी क्षेत्र में रोजगार के अवसर
शादी-ब्याह के चलते बुटीक, शृंगार, कुम्हार, धरिकार, हलवाई और बावर्ची से जुड़े कारोबार भी उछाल मार रहे हैं। शहर के कई बाजारों में आकर्षक सिंदूर दान, कच्चा धागा, सिंदुर, मऊर और सेहरा आदि की दुकानें सज गईं हैं। शहर के व्यापारी संजय कसौधन बताते हैं कि लगन में ही उनका व्यापार चमकता है। विवाह की वेदी पर प्रयुक्त होने वाले सामग्री की बिक्री बढ़ने लगी है।
-
दूल्हा-दुल्हन को सजाने के लिए विशेष पैकेज
- ब्यूटीशियन नीलू बताती हैं कि दुल्हन सजाने के लिए अब लोग पैकेज की मांग कर रहे हैं। इस समय 10 हजार से लेकर 22 हजार रुपये तक की बुकिंग चल रही है। वूमेन पार्लर चलाने वाली वंदना बताती हैं कि अब कई तरह की थीम पर दुल्हनें सजाई जाने लगी हैं। कई ट्रेंड इस बार चलन में आने वाले हैं। ज्यादातर में एडवांस बुकिंग है।
-
ऐसे दिखाएं जो सबके मन को भाए
- व्यापारियों की कोशिश है कि खरमास के बाद शुरू होने वाली लगन में वे अपने ग्राहकों को ऐसे कपड़े दिखाएं, जो उन्हें एक नजर में ही पसंद आ जाए। इसी प्रकार सर्राफा कारोबार में बढ़ती महंगाई के दौर में हल्के वजन में आकर्षक डिजाइन के गहने बेचने का चलन शुरू हो गया है। नौगढ़ में एक ज्वेलरी कंपनी के मैनेजर शशांक त्रिपाठी ने बताया कि अब अच्छी डिजाइन के साथ वजन भी हल्का होने का प्रयास किया जा रहा है।
-
क्या बिक रहा है
- कपड़े : मांगलिक अवसरों के लिए सबसे ज्यादा खरीदे जा रहे।
- सराफा : सोना और चांदी की बिक्री में 15-20 प्रतिशत वृद्धि।
- इलेक्ट्रॉनिक्स : टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल की मांग बढ़ी।
- फर्नीचर : गृह प्रवेश और नवविवाहित परिवारों के लिए खरीदा जा रहा।
- कॉस्मेटिक : मेकअप, त्वचा और बालों के उत्पाद तेजी से बिक रहे।
पूरे वर्ष में 62 मुहूर्त
- फरवरी में 13 , मार्च, अप्रैल, मई व जून में 8-8, जुलाई में 5 दिन लग्न पड़ रही है।
अगस्त, सितंबर, अक्तूबर में एक भी लग्न नहीं है जबकि नवंबर में चार, दिसंबर में सात दिन विवाह के मुहूर्त हैं।
-
किस सेक्टर को कितने का अनुमान
ज्वेलरी- 90 करोड़
कपड़ा व परिधान- 70 करोड़
होटल व मैरिज लॉन- 55 करोड़
टेंट, बैंड, कैटरिंग- 45 करोड़
ऑटोमोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक्स- 40 करोड़
(व्यापारियों से फीडबैक के आधार पर अनुमान)