- पिछले साल के मुकाबले 20 से 80 रुपये तक महंगी हुईं झालरें, खरीदारी के लिए दुकानों पर पहुंच रहे लोग
पथरा। दिवाली का पर्व नजदीक आते ही बाजार में रौनक बढ़ गई है। घरों को रोशनी से सजाने के लिए दुकानों पर रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक झालरों की कतारें सजी हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार झालरों की खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में कीमतों में बढ़ोतरी से ग्राहकों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
पिछले वर्ष 40 रुपये में मिलने वाली सामान्य झालर इस बार 60 से 70 रुपये में बिक रही है। वहीं, 120 रुपये की रिमोट वाली झालर की कीमत बढ़कर 180 से 200 रुपये तक पहुंच गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बनी हुई है।
दुकानदार बजरंगी, बरकत अली, दिलीप अग्रहरी, दुर्गेश और बीके श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार थोक बाजार में ही झालरों की कीमतें बढ़ गई हैं। ऐसे में उन्हें भी बढ़ी कीमतों पर सामान बेचना पड़ रहा है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन, रंग और कीमतों वाली झालरें उपलब्ध कराई गई हैं।