ढेबरूआ। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय अकरहरा में शनिवार को छात्र-छात्राओं की ओर तंबाकू सेवन के रोकथाम और इसके दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने तंबाकू से होने वाले नुकसान जैसे कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी आदि पर आधारित नारे और पोस्टर के माध्यम से संदेश दिया।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू समाज के स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इससे न केवल व्यक्ति बल्कि उसका पूरा परिवार प्रभावित होता है। छात्र-छात्राओं ने शपथ भी ली कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। बच्चों की इस पहल को ग्रामीणों और अभिभावकों ने सराहा तथा इस प्रकार के सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की बात कही। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि विद्यालय में 187 छात्रों का नामांकन है, जिसमें 141 बच्चे उपस्थित थे। सभी बच्चे यूनिफाॅर्म में थे। सात शिक्षक कार्यरत हैं सभी उपस्थित है। कार्यक्रम का संचालन मालिक मो. अफजल ने किया।
इस दौरान सहायक अध्यापक हिना, अनूप कुमार, पूजा मिश्रा, अफशा खानम, शहाबुद्दीन उपस्थित रहे।