सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज में कोडीनयुक्त कफ सिरप की बरामदगी और उसकी खरीद-फरोख्त का लेखा-जोखा दुकानदार नहीं दे पाया। प्राथमिकी दर्ज कर इस मामले की तहकीकात में पुलिस को कई खामियां मिली हैं। इसे पुख्ता करने के लिए दुकानदार से फिर जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं।
आपूर्ति और बिक्री से संबंधित जानकारी मिलने के बाद बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है। कोडीनयुक्त सिरप की खपत के तार सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ अन्य दुकानों से जुड़े हैं, इन पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
मध्यप्रदेश और राजस्थान में कोडीनयुक्त कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत के बाद जांच शुरू हुई तो बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आने लगी है। जिले में भी मेडिकल स्टोर की जांच शुरू हुई, जिसमें डुमरियागंज कस्बे में संचालित होने वाले एक मेडिकल स्टोर में कोडीनयुक्त कफ सिरप मिला।
जांच में खरीद और बिक्री से संबंधित कोई कागजात नहीं मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। डुमरियागंज पुलिस ने जांच से जुड़े कुछ दस्तावेज खंगाले हैं, जिसमें गड़बड़ी मिली है। इसके बाद खरीद करने वाली फर्म का नाम, बैंक खाता आदि की जानकारी पुलिस जुटा रही है। इसके मिलने के बाद यहां भी बड़े खेल का खुलासा हो सकता है। कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के मामले में वांछित विकास नरवे और दो सहयोगियों की गिरफ्तारी व बस्ती जनपद में गणपति फार्म संचालित करने वाले की धरपकड़ से जिले में भी कोडीनयुक्त कफ सिरप की सप्लाई और नेपाल में तस्करी की चेन की आशंका को बल मिला रहा है।
जिले में दवाओं की आपूर्ति गोरखपुर के साथ लखनऊ, बस्ती सहित अन्य शहरों से की जाती है। इसमें डुमरियागंज और बांसी तहसील जो बस्ती जनपद से लगे हुए हैं, वहां पर बस्ती से दवाओं की आपूर्ति होती है। ऐसे में बस्ती में धरपकड़ के बाद डुमरियागंज में भी गड़बड़ी की आशंका में जांच तेज कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, पांच दिन पहले सिरप कांड में शामिल आजमगढ़ निवासी विकास नरवे और उसके दो साथी नेपाल बाॅर्डर जाने की फिराक में थे कि इस बीच उन्हें मोहाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, बृहस्पतिवार को बस्ती की पुलिस ने कफ सिरप मामले में गणपति फार्मा संचालक को पकड़ा है। उसके जरिए सिद्धार्थनगर में सप्लाई के साथ-साथ नेपाल तस्करी के कनेक्शन होने की आशंका जताई जा रही है। अगर ऐसा हुआ तो जनपद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी उजागर हो सकती है। वहीं, कफ सिरप कांड के सीमावर्ती इलाके से पकड़े जाने पर नेपाल और बांग्लादेश में तस्करी की बात पुख्ता हो रही है।