साधन सहकारी समिति बेल्टीकर पर खाद के लिए किसानो की भीड़। संवाद
शोहरतगढ़। विकास क्षेत्र के ग्राम महथा में बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति पर पिछले 7 माह से ताला लटक रहा है जिससे किसानों को यूरिया नहीं मिल पा रहा है। जिला सहकारी विभाग की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के किसानों को भुगतना पड़ रहा है। यूरिया के लिए किसान दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन किसानों की समस्याओं का समाधान करने वाला कोई नहीं है।
क्षेत्र के किसान ओमप्रकाश मिश्र, राजेन्द्र मौर्य, रामनरायन, जगन्नाथ शर्मा, विनोद शर्मा, चिनगुद यादव, राम मिलन, छोटेलाल सहित कई किसानों ने कहा कि महथा सहकारी समिति पिछले सात माह से बंद पड़ी है। इस समिति से जुड़े किसान यूरिया के लिए दर-दर भटक रहे हैं। गेहूं के बीज की बुवाई के समय अधिक दाम में यूरिया खरीदकर खेतों में डाला जा रहा है। इस समय सिंचाई के साथ फसलों में यूरिया डालने की जरूरी है। अगर समय से यूरिया नहीं डाला गया तो पैदावार प्रभावित हो सकती है। किसानों ने कहा कि विभाग बड़े-बड़े दावे करता है कि यूरिया की कमी नहीं है, लेकिन सच्चाई यह कि खाद लेने के लिए भटकना पड़ रहा है।
समितियों पर यूरिया के लिए सुबह से ही किसानों की भीड़ लग जाती है। कुछ किसान थक हारकर दुकानदारों के यहां से महंगे दामों पर यूरिया खरीद कर फसलों में डाल रहे हैं, जिससे उनकी जेब ढीली हो रही है।
किसानों का दर्द और बढ़ गया जब क्षेत्र के किसान दूसरे समिति पर यूरिया लेने के लिए पहुंचते हैं तो उस समिति का सचिव यह कहकर वापस कर देता है कि अपने समिति पर जाओ यहां नहीं मिलेगा। किसानों ने अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले सात माह से महथा समिति बंद है। खाद दुकानदार विभाग की मिली भगत से चोरी छिपे 400 से 500 रुपये प्रति बोरी की दर से बेचकर मालामाल हो रहे हैं। अधिकांश खाद दुकानदार किसानों की मजबूरी का नाजायज फायदा उठा रहे हैं।
इस संबंध में अपर जिला सहकारी अधिकारी पीबी गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में है। महथा समिति से जुड़े किसानों को सेवड़ा सहकारी समिति से संबद्ध किया गया है। अगर सचिव ने किसानों को यूरिया नहीं दिया है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।