डुमरियागंज क्षेत्र में खाद की दुकान में रजिस्टर देखते जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल। स्रोत
सिद्धार्थनगर। जिले में खाद के लिए जारी मारामारी और कालाबाजारी व ओवररेटिंग को रोकने के लिए अफसरों की टीम बुधवार को फील्ड में उतरी। ब्लॉक स्तर पर काम करने वाली टीम ने 58 सहकारी समिति और 211 निजी दुकानों की जांच की।
इसमें ओवर रेटिंग और अन्य प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सात दुकानों का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की। जांच में बीडीओ सहित कई अधिकारी शामिल रहे।
यूरिया की किल्लत और किसानों की परेशानी को देखते जिलाधिकारी के निर्देश पर ब्लॉक स्तर पर एसडीएम, बीडीओ, एडीओ, कृषि, सहकारिता विभाग के कुल 150 से अधिक अफसर फील्ड में हकीकत जानने और किसानों को आसानी से यूरिया मुहैया कराने के उद्देश्य से जांच की। इसमें 58 समितियों पर खड़े होकर यूरिया का वितरण करवाया। इसके साथ ही निजी दुकानों की जांच की। जांच में अनियमितता पाए जाने और ओवररेटिंग के मामले में सात दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। इस दौरान कुल 211 निजी दुकानों की जांच की गई। जिला कृषि अधिकारी मो. मुज्जमिल ने बताया कि लगातार दुकानों की जांच जारी रहेगी। अनियमितता पाए जाने पर दुकानों का लाइसेंस निलंबित करने के साथ एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी।