सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज। गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान एसआईआर कार्य में राजस्व निरीक्षक और हल्का लेखपालों की ड्यूटी लग जाने से अन्य सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिले की पांचों तहसीलों में आय, जाति और निवास संबंधी रिपोर्ट लगाने के साथ ही भूमि पैमाइश समेत अन्य प्रकरणों में देर हो रही है। इससे दूर-दराज से तहसील आने वाले काश्तकारों, छात्रों सहित सभी लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज तहसील में जमीन खेत, खलिहान की पैमाइश से लेकर खसरा बनाने व आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों पर समय से आख्या रिपोर्ट न लग पाने से प्रमाण पत्रों के जारी किए जाने में विलंब हो रहा है। इससे सरकारी नौकरियों, वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन का आवेदन के साथ ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं की छात्रवृति के आवेदन में विलंब होने से उनके योजना के वंचित रह जाने की चिंता सता रही है। शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार एसआईआर फाॅर्म भरने के लिए बीएलओ के साथ लेखपाल की भी ड्यूटी लग गई है। इसकी वजह से आय जाति, निवास प्रमाण पत्र और वरासत जारी होने में बाधा उत्पन्न हो गई है। आय जाति, निवास प्रमाण पत्र और वरासत बनवाने लोग तहसील का चक्कर लगा रहे हैं। अजय, अमित, रेनू, आदित्य ने बताया कि भर्ती प्रकिया के लिए आय प्रमाण पत्र अनिवार्य है।