तुलसियापुर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के पोखरभिटवा के पास नहर में मिली लावारिस किशोरी की लाश की शिनाख्त हो गई है। मृतका के चाचा ने थाने पर तहरीर देकर नहर में डूबने से मौत होने की आशंका जताई है। उनके मुताबिक तीन फरवरी की शाम को घर से निकली थी। वहीं, बहन ने चाचा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही कई बिंदुओं की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के धोबहा पठानडीह की रहने वाली अंशिका (12) पुत्री पटवारी की लाश बृहस्पतिवार को पोखरभिटवा के पास नहर में मिली एक लावारिस हालात में मिली थी। पुलिस लाश को कब्जे में लेकर शिनाख्त करने के प्रयास में लगी थी। शुक्रवार को मृतका के चाचा रामनरेश ने जिला मुख्यालय स्थित मॉर्चरी में जाकर लाश की शिनाख्त अपनी भतीजी के रूप में की। लाश की शिनाख्त होने के बाद पुलिस मौत के कारण जानने के लिए अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस मृतका के गांव धोबहा पठानडीह और ननिहाल सेरकिहवा भी गई।
इस संबंध में कठेला समय माता एसओ अभय सिंह ने बताया कि लाश की शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।