श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सिद्धार्थनगर थाना परिसर में स्थित मंदिर की हुई सजावट।
- फोटो : संवाद
सिद्धार्थनगर। शहर में शनिवार की मध्य रात बारिश के बीच घर-घर और मंदिरों में धूमधाम से जन्माष्टमी मनाई गई। मंदिरों में जन्म लिए कृष्ण-कन्हैया....घर-घर में गूंजी बधाई..., के जयकारों के साथ रात्रि 12 बजे जन्मोत्सव की आरती हुई।
श्रद्धालुओं ने बधाई गीत गाए और अपने आराध्य बाल गोपाल के मनोहारी दर्शन किए। गरज-चमक के साथ हो रही बारिश के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता ही गया।
जन्माष्टमी के मौके पर दौरान मंदिरों में आकर्षक झांकियां भी सजाई गई। घरों में श्रद्धा से त्योहार संपन्न हुआ। मुरली मनोहर मंदिर में प्रातः मंगला आरती, श्रृंगार आरती दर्शन, शाम को महाभिषेक दर्शन एवं भजन कीर्तन हुआ। रात्रि 12 बजे जन्मोत्सव की महाआरती हुई। श्रद्धालुओं ने बधाई गीत गाए। मंदिरों और लोगों के घरों पर भगवान कृष्ण के जन्म और उनकी लीलाओं को सजीव दिखाने के लिए झांकियां सजाई गई हैं। पुलिस लाइंस, हनुमान मंदिर, सदर थाना, डुमरियागंज नगर स्थित रामलीला मैदान में ओम शिवाय मंदिर, मंदिर चौराहा स्थित श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर, पुरानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर, बैदौला चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर, हल्लौर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, शिव मंदिर भारतभारी में सजावट की गई थी।