- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर डुमरियागंज रामलीला मैदान मंदिर, थाना, बैदौला चौराहा हल्लौर, बेंवा, भारतभारी में सजाई गई आकर्षक झांकी
- रातभर चला भजन-कीर्तन और पूजा पाठ का कार्यक्रम
डुमरियागंज। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर नगर से लेकर गांव तक के मंदिरों में धार्मिक उत्सव मनाया गया। मंदिरों और घरों में लोगों ने भगवान कृष्ण के जन्म और उनकी विभिन्न लीलाओं को सजीव ढंग से दिखाने के लिए आकर्षक झांकियां सजाईं। शनिवार की रात पूजा-अर्चना करने के साथ ही भजन-कीर्तन का पाठ किया गया। हर तरफ कान्हा और हरे कृष्णा, हरे कृष्णा की गूंज सुनाई देती रही।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर डुमरियागंज नगर स्थित रामलीला मैदान प्रांगण में ओम शिवाय मंदिर, मंदिर चौराहा स्थित श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर, पुरानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर, बैदौला चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर, हल्लौर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, शिव मंदिर भारतभारी, देईपार शिव मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर सजावट की गई थी, जहां भगवान कृष्ण के जन्म और उनकी बाल लीलाओं को लेकर आकर्षक झांकियां भी सजीं। इसके अलावा डुमरियागंज थाना, भवानीगंज, त्रिलोकपुर, पथरा बाजार थानों में भी श्री कृष्ण जन्म उत्सव को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शनिवार की रात समूचे डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में बडे़ धूमधाम के साथ मनाई गई।
डुमरियागंज रामलीला मैदान पर मंदिर के पुजारी पं. राकेश शास्त्री, डुमरियागंज थाने के प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव, मनोज पटेल, मनोज सिंह, अजय त्रिपाठी, सूर्यप्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।