2017 से पहले पहचान छिपाने को मजबूर था युवा, अब गर्व से बता रहा जिले और प्रदेश का नाम
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी युवा को उसकी आस्था और गौरव से दूर करना उसके साथ अन्याय है। पहले प्रदेश में आए दिन दंगे और उपद्रव होते थे लेकिन पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। आज न कर्फ्यू है, न दंगा। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और जमीन पर कब्जा करने वालों के लिए जेल का रास्ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी राज्य में भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद और गुंडागर्दी का माहौल हो और व्यापार और निवेश के अवसर न हों तो उसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ता है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश का युवा अपनी पहचान छिपाने को मजबूर था लेकिन आज कानून का राज स्थापित हुआ है और निवेश के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। अब प्रदेश का युवा अपनी पहचान छिपाने के बजाय गर्व के साथ अपने जिले और प्रदेश का नाम बताता है।
कांवड़ यात्रा का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ से हरिद्वार के बीच बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री शांतिपूर्वक यात्रा कर रहे हैं। हरिद्वार में शिवभक्त ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह बदले हुए उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जहां आस्था, सुरक्षा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति नहीं देती थी, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद तय किया गया कि कांवड़ यात्रा नहीं रुकेगी और शिवभक्तों को पूरी सुरक्षा मिलेगी। आज कांवड़ यात्राओं पर पुष्पवर्षा हो रही है।