- डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं ने किया स्वागत, पूजन-अर्चन
शाहपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही कलश वंदन रथ यात्रा बृहस्पतिवार को डुमरियागंज क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। मन्नीजोत चौराहे पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। कलश के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे।
पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत एवं वंदन किया। ग्रामीणों ने विधि-विधान से कलश का पूजन कर संत रविदास के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। कलश वंदन रथ यात्रा सुबह करीब 10 बजे महानुवा से शुरू हुई। इसके बाद महतिनिया खुर्द, भनवापुर चौराहा, चौखड़ा, डेंगहा जोत कस्तूरी, धोबहा, भराहिया और रुद्रौलिया होते हुए शाम करीब साढ़े तीन बजे हरिजोत मठ पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। कलश के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
इस दौरान आकाश प्रताप सिंह, गणेश विश्वकर्मा, चंद्रिका मौर्य, चंद्रजीत यादव, गुड्डू तिवारी, विंदराज गिरी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।