उसका से धर्मसिंघवा मार्ग का होगा चौड़ीकरण। संवाद
सिद्धार्थनगर। जिले से संतकबीरनगर की आवागमन में जल्द ही सुलभ हो जाएगा और एक साथ दो वाहन सड़क से गुजर सकेंगे। उसका-धर्मसिंहवा मार्ग की छह किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण की स्वीकृति के साथ बजट भी आवंटित हो गया है। जल्द ही यह सड़क तीन के बजाए साढ़े पांच मीटर चौड़ी हो जाएगी। खेसरहा और उसका ब्लॉक की दो लाख से अधिक आबादी के अलावा संतकबीनगर के लाखों लोगों को जनपद मुख्यालय पर आने में सहूलियत मिलेगी। इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग लंबे अरसे से चल रहा था। जो अब पूरा हो जाएगा।
सिद्धार्थनगर का खेसरहा ब्लॉक संतकबीरनगर जनपद को जोड़ता है। जिले से संतकबीरनगर के धर्मसिंहवा होते हुए मुख्यालय जाने के लिए उसका से रास्ता निकलता है। इसके अलावा, बांसी- बेलौहा होते हुए संतकबीरनगर मार्ग है। इसमें बांसी वाला मार्ग तो ठीक है, लेकिन जनपद मुख्यालय तक पहुंचने में अधिक दूरी तय करना पड़ता है। उसका के रास्ते जनपद मुख्यालय आने पर 20 से 25 किलोमीटर की दूरी कम हो जाती है, लेकिन सड़क तीन मीटर ही चौड़ी हाेने के कारण एक साथ दो वाहनों के निकलने में परेशानी होती है। सप्तरी नानकार से अजगरा पुल तक सड़क चौड़ी हो गई है। अजगरा से उसका तक इस धर्मसिंहवा मार्ग इधर महज तीन मीटर चौड़ी सड़क है। चौड़ीकरण करने की लंबे समय से मांग की जा रही थी।
छह किलाेमीटर सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी मिलने के साथ ही बजट स्वीकृत हुआ है। 12 करोड़ रुपये की लागत से छह किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण के साढ़े पांच मीटर किया जाएगा। इस सड़क के चौड़ा होने से जिले के दो ब्लॉक के दो लाख से अधिक आबादी के साथ ही जनपद संतकबीनगर की लाखों की आबादी को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। अगर सबकुछ सही रहा तो नए साल में सड़क बनकर तैयार हो जाएगी और जनता को समर्पित हो जाएगी।