- एनईपी-2020 के तहत सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं, उसी दिन ऑनलाइन दर्ज करने होंगे अंक
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु से संबद्ध महाविद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों के पंचम सेमेस्टर सत्र 2026-27 की आंतरिक मूल्यांकन और प्रायोगिक-मौखिकी परीक्षाएं 15 से 28 अक्तूबर तक होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा कराने और विद्यार्थियों के अंक समय से ऑनलाइन दर्ज कराने के संबंध में सभी संबंधित महाविद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना के अनुसार निर्धारित अवधि में पंचम सेमेस्टर की आंतरिक मूल्यांकन और प्रायोगिक-मौखिकी परीक्षाएं विश्वविद्यालय के पूर्व निर्देशों के अनुसार करानी होंगी। परीक्षा समाप्त होने के उसी दिन विद्यार्थियों के अंक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को ऑनलाइन अंक दर्ज करने के बाद अंकपत्र की हार्डकॉपी भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराने का निर्देश दिया है। ऑनलाइन अंक दर्ज किए जाने के तीन कार्य दिवस के भीतर अंकपत्र की हार्डकॉपी विश्वविद्यालय के गोपनीय अनुभाग में जमा करनी होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर के विभागाध्यक्षों और प्रभारियों के साथ संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्धारित कार्यक्रम और निर्देशों के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है। समय सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।