- पुलिस लाइंस में आयोजित हुई जिले के सभी थानों पर गठित साइबर सेल की गोष्ठी
सिद्धार्थनगर। पुलिस लाइंस सभागार में सोमवार को जनपदीय साइबर सेल की ओर से जिले के सभी थानों पर गठित सेल की गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के संबंध में निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी अपराध/साइबर रोहिणी यादव की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में एनसीआरपी पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के साथ साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को मामलों के निस्तारण में तेजी लाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में साइबर क्राइम रिकवरी, लीन, एमआरएम, जीआरएम, संदिग्ध मोबाइल नंबर, म्यूल अकाउंट और एनसीआरपी शिकायतों से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। सीओ ने कहा कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों में कार्रवाई के दौरान आने वाली समस्याओं का समय से समाधान कराया जाए। किसी प्रकरण के निस्तारण में तकनीकी या अन्य दिक्कत आने पर जनपदीय साइबर सेल से संपर्क कर आवश्यक निर्देश प्राप्त करने को कहा गया। निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।