तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर काॅलेज में शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ढेबरुआ थाने की मिशन शक्ति टीम और मानव संसाधन और महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
ढेबरुआ थाने के एसआई कुंज बिहारी तिवारी ने मौजूद छात्राओं को बताया कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक कुरीति है बल्कि यह कानूनन अपराध भी है। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने अथवा उसे प्रोत्साहित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए बाल विवाह को पूरी तरह समाप्त करना आवश्यक है। साथ मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान टीम के द्वारा बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत के लिए पुलिस हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और स्थानीय थाने से संपर्क करने की अपील की गई। उपस्थित अध्यापक ,छात्र एवं छात्राओं ने भी बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ सहयोग करने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य आरक्षी अमरेश पांडेय, महिला आरक्षी मीरा रानी, श्रद्धा त्रिपाठी, प्रधानाचार्य रवि शुक्ल, मानव संसाधन एवं महिला बाल विकास संस्थान से जिला समन्वयक प्रसून शुक्ला, विजय शंकर यादव आदि मौजूद रहे।