सिद्धार्थनगर। ठंड बढ़ने पर अभी तक बुजुर्गों को ही घुटने, कमर और जोड़ो में दर्द परेशान करने लगा है। वहीं, युवा और बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। चिकित्सक इसका मुख्य कारण शरीर में कैल्शियम और विटामिन डी की कमी बता रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में इस समय जोड़ों के दर्द से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसमें युवाओं और बच्चे की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विमल द्विवेदी ने बताया कि हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन ऐसे 60 से 70 प्रतिशत मरीज आ रहे हैं। इसमें गठिया और जोड़ों के दर्द के अलावा मांसपेशियों में ऐंठन की समस्या हो रही हैं। जोड़ाें में होने वाले दर्द को रुमेटॉइड अर्थराइटिस कहते हैं। ठंड में धूप नहीं मिलने से विटामिन-डी की कमी होती है।
विटामिन डी के साथ कैल्शियम की कमी से हड्डियों में जोड़ों में दर्द होता है। उन्होंने बताया कि यूरिक एसिड में भी दर्द की समस्या होती है। ठंड से बचाव करें। विटामिन-डी की कमी को दूर करने के लिए धूप लें। कैल्शियम की पूर्ति करने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें।