भनवापुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के मल्दा गांव में अतिक्रमण को अब तक नहीं हटाया जा सका है। यह हाल तब है जब गांव निवासी कुलदीप वर्मा ने मई 2025 को एसडीएम डुमरियागंज को शिकायती पत्र देकर गांव के गड़ही पर कुछ लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर निर्माण का आरोप लगाया था। शिकायती पत्र के बाद एसडीएम डुमरियागंज ने राजस्व निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
एसडीएम को दिए अपने शिकायती पत्र में कुलदीप वर्मा ने बताया है कि गांव में ग्राम समाज की जमीन है जो अभिलेख में गड़ही दर्ज है। गांव में स्थित गड़ही में गांव के लोगों का पानी जाता है, जिसपर गांव के कुछ दबंगों ने कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इसकी शिकायत मई में की गई।
शिकायती पत्र पर एसडीएम ने कानूनगो को जांच अतिक्रमण हटवाने के निर्देश भी दिए। मगर, करीब सात माह का समय बीत जाने के बाद अतिक्रमण तो नहीं हटा बल्कि निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। इससे जल निकासी न होने से गांव के लोगों को काफी समस्या हो रही है। कुलदीप वर्मा ने तहसील प्रशासन से गड़ही से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
इस संबंध में तहसीलदार डुमरियागंज रवी कुमार यादव ने बताया कि मामला जानकारी में नहीं है। दिखवा कर अतिक्रमण है तो जल्द खाली कराया जाएगा।