- नए साल के उल्लास में पूरी रात बजाते हैं डीजे जगह-जगह मनाया जाता है जश्न, नशे और डीजे के डांस पर होता है विवाद
-पहले से एक्शन प्लान तैयार कर रही पुलिस, अलर्ट मोड में रहेगी पीआरवी की टीम, संबंधित थाने की पुलिस भी करती रहेगी भ्रमण
- 30 लाख से अधिक की आबादी वाले जनपद में 500 से अधिक स्थानों पर बचता है डीजे, जगह-जगह होती है पार्टी
सिद्धार्थनगर। नए साल के स्वागत को लेकर जनपद में अभी से जश्न का माहौल बनने लगा है। युवाओं में उत्साह चरम पर है और जगह-जगह डीजे बुक किए जा रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी जश्न की आड़ में विवाद, मारपीट और शांतिभंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भी तैयारी कर ली है। साफ संदेश है कि उल्लास में अगर उत्पात किया गया तो नए साल की पहली रात सलाखों के पीछे ही गुजरेगी।
पुलिस ने जिले के सभी थानों की पुलिस और पीआरवी को अलर्ट मोड में रखा गया है। जो भ्रमणशील रहेंगे। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर भी नजर रहेगी। मुख्य मार्गों पर उड़ता रोकने के लिए सीसी कैमरे पर भी पुलिस की नजर रहेगी। अगर कदम बहके और विवाद किए तो पुलिस उस लोकेशन पर तत्काल पहुंचेगी और कार्रवाई करेगी।
31 दिसंबर की रात को लेकर जनपद में 500 से अधिक स्थानों पर डीजे बजने की संभावना है। 30 लाख से ज्यादा की आबादी वाले जिले में नए साल की रात देर तक जश्न चलता है। नशे में धुत युवक, तेज आवाज में बजता डीजे, डांस को लेकर कहासुनी और फिर विवाद ये तस्वीर हर साल सामने आती हैं। जाम छलकाने और पटाखे छोड़ने के बीच कानून व्यवस्था बिगड़ने की घटनाएं भी दर्ज होती रही हैं। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। नए साल को शानदार और पुराने को यादगार बनाने के लिए युवा पूरी रात धमाल मचाने की तैयारी में हैं।
डीजे संचालकों की पहले से बुकिंग शुरू हो चुकी है। होटल, ढाबों, फार्म हाउस और खुले मैदानों में पार्टियों की तैयारी की जा रही है। वहीं, पुलिस को आशंका है कि नशे और डीजे डांस के दौरान विवाद की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में शांति व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए साल की रात संवेदनशील इलाकों पर खास नजर रहेगी। डीजे की तेज आवाज, तय समय के बाद संगीत बजाने, सड़क पर डांस करने और हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। नियम तोड़ने पर तत्काल गिरफ्तारी कर हवालात भेजा जाएगा।
-
नए साल की रात इसलिए बढ़ जाता है उत्पात
- नशे में धुत युवाओं के बीच मामूली बात पर तकरार
- डीजे पर मनपसंद गाने को लेकर झगड़ा
- सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर जबरन डांस
- तेज आवाज में डीजे बजाने पर स्थानीय लोगों की आपत्ति
- पुराने विवाद नए साल की रात फिर उभरने की आशंका
-
डीजे और पार्टी को लेकर पुलिस की सख्ती -
- तय समय के बाद डीजे बजाने पर सीधी कार्रवाई
- अनुमति के बिना डीजे बजाने पर जब्ती
- सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर मुकदमा
- सड़क जाम कर जश्न मनाने पर तत्काल हिरासत
- आयोजक भी होंगे जिम्मेदार, होगी कानूनी कार्रवाई
-
यह है तैयारी
नववर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दृष्टिगत हाॅटस्पाॅट चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। नववर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दृष्टिगत जोन, सेक्टर स्कीम के अनुसार समस्त क्षेत्राधिकारी को जोनल पुलिस अधिकारी एवं समस्त थाना प्रभारी को सेक्टर पुलिस अधिकारी नामित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
- शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की चेकिंग ब्रेथ एनेलाइजर द्वारा किए जाने तथा जो व्यक्ति शराब पीकर गाड़ी चलाता हुआ पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से होटलों, क्लबों व मनोरंजन गृहों तथा ऐसे स्थान जहां नववर्ष के सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हों, वहां पर भी निकास बिंदुओं पर ब्रेथ एनालाइजर का प्रयोग कर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की चेकिंग किये जाने के लिए निर्देशित किया गया है।
- समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी को समस्त थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों व आयोजन स्थलों, होटलों, क्लबों व मनोरंजन गृहों तथा ऐसे स्थान जहां नववर्ष के सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, उसके आसपास तथा प्रमुख बाजारों में अधिक से अधिक पुलिस बल के साथ दिनांक 31 दिसंबर के सायं से फ्लैगमार्च का प्रभावी आयोजन किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है।
- नववर्ष के अवसर पर विभिन्न समुदाय के प्रमुख धार्मिक स्थलों, मंदिरों पर यातायात प्रबंध एवं सुरक्षा के दृष्टिगत प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए नामवार ड्यूटियां लगाई गई हैं ।
- महिलाओं के आवागमन के मार्गों पर समुचित पेट्रोलिंग सुनिश्चित किए जाने के दृष्टिगत यूपी 112 के वाहनों का महत्वपूर्ण स्थानों पर व्यवस्थापन किया गया है। जनपद के समस्त धार्मिक स्थलों के आसपास 31 दिसंबर से से दो जनवरी 2026 तक प्रातः कालीन चेकिंग पार्टी निकाल कर सघन चेकिंग किए जाने तथा इस दौरान शरारती, असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उन पर सतर्क दृष्टि रखे जाने के लिए समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है।
-नव वर्ष के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत ड्रोन कैमरे से निगरानी किए जाने के लिए समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है।
-सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत समस्त आयोजन स्थल/आवागमन के मार्ग पर स्थित सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील करा कर प्रभावी निगरानी किये जाने के निर्देश दिए गए हैं।
- सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों जैसे-फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाॅट्सएप आदि की राउंड द क्लॉक मॉनिटरिंग कराई जा रही है।
- नववर्ष के अवसर सुरक्षा के दृष्टिगत सभी सर्किल के थानों पर एक-एक फायर टेंडर की ड्यूटी मय स्टाफ लगाई गई है।
-
बोले जिम्मेदार
नर्व को देखते हुए सुरक्षा के संबंध में मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इसमें सभी सीओ और एसओ को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नववर्ष के अवसर पर समस्त आयोजन स्थलों, होटलों क्लबों, मनोरंजन गृहों और सार्वजनिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर समुचित पुलिस प्रबंध किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है।
- डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक