सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में मरीजों को वेंटिलेटर और इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) की सुविधा जल्द मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए आईसीयू को संचालित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। 300 शैय्या भवन के चौथे फ्लोर पर इसको बनाया जाएगा।
आईसीयू की सुविधा शुरू हाेने से इमरजेंसी में गंभीर मरीजों के आने पर उन्हें भर्ती कर तत्काल इलाज शुरू किया जाएगा। इसमें सभी बेड पर ऑक्सीजन की भी व्यवस्था की जाएगी। आईसीयू शुरू होने के बाद मरीजों को बीआरडी, एम्स व अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर नहीं करना पड़ेगा। मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी। जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में वेंटिलेटर व आईसीयू वार्ड की सुविधा नहीं है। इस कारण सड़क दुर्घटना के घायलों सहित अन्य गंभीर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं अस्पताल को कोरोना काल में ही पर्याप्त वेंटिलेटर मिल गए थे, लेकिन आईसीयू की सुविधा नहीं मिल सकी। अब मेडिकल कॉलेज में 15 बेड पर आईसीयू को संचालित कराने की प्रक्रिया चल रही है।