मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा भवन के पास छात्रावास के लिए ध्वस्त किया गया पुराना भवन।
- माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में तीन बैच के छात्रों को रहने के लिए मौजूद हैं हॉस्टल
- पुराने भवन को किया गया ध्वस्त, 200 छात्र-छात्राओं को मिलेगी सहूलियत
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा भवन परिसर में छात्रों के लिए हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पुराने भवन को तोड़ कर ध्वस्त कर दिया गया है। हाॅस्टल निर्माण होने से 200 छात्र-छात्राओं को रहने के लिए बेहतर सुविधा हो जाएगी। करीब 15 करोड़ से हॉस्टल का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए शासन से बजट मिलने के साथ पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।
मेडिकल कॉलेज में एक वर्ष में 100 सीटों पर एमबीबीएस छात्र-छात्राओं को प्रवेश लिया जाता है। ऐसे में इस वर्ष के प्रवेश के बाद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के 500 छात्र-छात्रा हो जाएंगे, लेकिन मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन में केवल 300 छात्र-छात्रा के लिए ही हॉस्टल की सुविधा है। इससे पिछले वर्ष से ही छात्र-छात्राओं को हॉस्टल के लिए परेशानी उठानी पड़ी थी। इस क्रम में छात्र-छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने प्रशासनिक भवन परिसर में ही सभी छात्रों को रहने के लिए प्रबंध किया। उसके बाद शासन को हॉस्टल निर्माण के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया, जिसके बाद चिकित्सा परिसर में जर्जर भवन को चिह्नित करके हॉस्टल निर्माण के लिए प्रस्तावित किया गया। मौके पर मौजूद जर्जर भवन को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। अब वहां जल्द ही हॉस्टल का निर्माण शुरू किया जाएगा।
वर्जन
हॉस्टल निर्माण के लिए जर्जर भवन को ध्वस्त करवा दिया गया है। जल्द ही मलबा हटवाकर वहां पर हॉस्टल के भवन का निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा। इससे छात्र-छात्राओं को पर्याप्त आवासीय सुविधा मिलेगी।
- प्रो. राजेश मोहन, प्राचार्य