सिद्धार्थनगर। बरसात के मौसम में भी सोने-चांदी के भाव में गिरावट आने से लोग गहनों की खरीदारी करते थे, लेकिन इस बार सोना 90 हजार व चांदी एक लाख के पार होने से लोगों का बजट बिगड़ गया है। इससे दुकानों पर सन्नाटा छाने के साथ खरीदारी में भी कमी आई है।
मध्यम वर्ग के लोग शादी सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए बरसात के मौसम में खरीदारी करते हैं। लोगों का मानना था कि इस मौसम में सोने व चांदी के दाम में काफी हद तक गिरावट आती थी, जिससे लोगों को कम दाम में खरीदारी करने से गहना भी अधिक मिल जाता था, लेकिन इस बार सोने और चांदी के भाव ने सभी का बजट बिगाड़ दिया है। इससे कुछ लोग कैरेट तो कुछ वजन के साथ समझौता कर रहे हैं।
स्वर्ण व्यापारी आनंद कुमार ने बताया कि 24 कैरेट सोने का दाम 98 हजार 400 रुपया प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी का दाम एक लाख 14 हजार रुपया प्रति किलो हैं। इससे इस बार ग्राहकों की बेहद कमी रही, जिससे इस बार बिक्री भी काफी कम हुई ।