सिद्धार्थनगर। संसाधनों के बेहतर उपयोग, सुव्यवस्थित शिक्षण व्यवस्था, प्रभावी कार्ययोजना और समुदाय के सहयोग से लोटन क्षेत्र का उच्च प्राथमिक विद्यालय पननी सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सफलता की नई कहानी लिख रहा है। पांच वर्षों से लगातार प्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है।
विद्यालय के सहायक अध्यापक और राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक दयाशंकर पांडेय और अनुदेशक राजकुमार की मेहनत और समर्पण से विद्यालय में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने पर विशेष जोर दिया जाता है। दोनों शिक्षकों ने मिलकर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की ऐसी कार्ययोजना विकसित की है, जिसकी अब विभागीय स्तर पर भी मिसाल दी जा रही है।
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा (एनएमएमएस) में 67 छात्र सफल हुए हैं। इसके अलावा अटल आवासीय विद्यालय में 12, सर्वोदय विद्यालय में 14 और श्रेष्ठा में पांच विद्यार्थियों का चयन हुआ है।