सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में रविवार को जिले की पीएचसी पर कड़ाके की ठंड के बावजूद 400 से अधिक मरीजों ने इलाज कराया। इसमें खांसी व गले में खराश, बुखार, पेट में दर्द, सांस फूलने की शिकायत लेकर ज्यादा मरीज पहुंचे, जिनका डॉक्टरों ने इलाज कर दवाएं दीं।
सीएमओ डाॅ. रजत कुमार चौरसिया ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया।
सर्दी, खांसी व बुखार के साथ जोड़ों का दर्द के बढ़े मरीज: भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र के पीएचसी तरहर,बिजौरा व सोहना में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में खांसी व गले में खराश, एसिडिटी, फंगल इन्फेक्शन, जोड़ों में दर्द, त्वचा रोग आदि के कुल 125 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया।
पीएचसी तरहर में डॉ. आशीष सत्यार्थी ने 45 मरीजों, पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 30 मरीजों व पीएचसी सोहना में डॉ. प्रिंस विश्वास ने कुल 55 मरीजों को इलाज व निशुल्क दवाई दी। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने पीएचसी तरहर, बिजौरा तथा सोहना का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान ड्यूटी में कार्यरत कर्मी उपस्थित मिले तथा नियमानुसार कार्य किया जा रहा था। अधीक्षक ने बताया कि ठंडक से बचने के लिए वूलन के कपड़ों का इस्तेमाल करें तथा सिर को ढक रखें। उन्होंने बताया कि हल्के गर्म पानी, मौसमी ताजे फल, मौसमी हरी सब्जी, दालें, दूध, मशरूम, सोयाबीन, मूंगफली, ड्राईफ्रूट, पनीर, अंडे, सूप, गुड़ आदि को संतुलित भोजन के रूप में शामिल करें।
26 मरीजों का हुआ उपचार : डुमरियागंज। नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला में उपचार के लिए आए 26 मरीजों में से 20 मरीज वायरल फीवर और जुकाम से पीड़ित रहे। इनकी चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें दवाई दी। इस दौरान डाॅ. बीके सिंह, डाॅ. राम किशोर प्रजापति, पवन श्रीवास्तव, सुप्रिया वर्मा रहे।