नगर पंचायत कार्यालय शोहरतगढ़ के सभागार में कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद जगदंबिका पाल। संवाद
शोहरतगढ़। भाजपा के तत्वावधान में नगर पंचायत कार्यालय शोहरतगढ़ के सभागार में विधानसभा स्तर पर आत्मनिर्भर भारत विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जीएसटी प्रणाली में निरंतर सुधार किए जा रहे हैं, जिससे व्यापारिक पारदर्शिता बढ़ी है और छोटे व्यापारियों को राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि घटी जीएसटी, मिला उपहार-धन्यवाद मोदी-योगी सरकार। आज हर व्यापारी की जुबान पर यही है। अभियान उद्यमियों और कारीगरों के परिश्रम को सम्मान देने का अवसर है। सांसद ने कहा जीएसटी प्रणाली में हुए सकारात्मक बदलावों ने हर घर को महंगाई से राहत देकर बचत उत्सव का उपहार दिया है। मुख्य वक्ता शिवनाथ चौधरी ने कहा कि सरकार की नीतियां व्यापार और उद्योग के विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वह कर सुधारों की जानकारी लेकर अपने व्यवसाय को और सशक्त बनाएं। अध्यक्षता पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल और संचालन मंडल अध्यक्ष शिवशक्ति शर्मा ने किया। इस दौरान चेयरमैन रवि अग्रवाल, योगेंद्र त्रिपाठी, श्यामू गुप्ता, अरविंद चौधरी, रामविनोद यादव, अभिषेक चौधरी, पंकज गौड़ आदि मौजूद रहे।