सिद्धार्थनगर। सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को समय से अस्पताल पहुंचाना उसकी जान बचाने में अहम साबित हो सकता है। इसके लिए हादसे के बाद संवेदनशीलता दिखाने के साथ यातायात नियमों का पालन भी जरूरी है।
विज्ञापन
सोमवार को एआरटीओ कार्यालय में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में विधायक श्यामधनी राही ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना में घायलों की मदद करने की अपील की। उन्होंने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन 30 नवंबर तक जिले में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। विधायक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
एआरटीओ अजय कुमार सिंह और यातायात निरीक्षक ने विद्यार्थियों को बताया कि निर्धारित आयु पूरी करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के बाद ही वाहन चलाएं। दुर्घटना होने पर पुलिस को 112 और एंबुलेंस के लिए 108 नंबर पर सूचना दें। घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने से उनकी जान बचाई जा सकती है।