इटवा में आयोजित समाधान दिवस में समस्याएं सुनते डीएम डॉ. राजागणपति आर।
सिद्धार्थनगर। इटवा तहसील में जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर की अध्यक्षता तहसील समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम ने निर्देश दिए कि भूमि से संबंधित विवाद मौके पर जाकर निरीक्षण कर निस्तारण कराएं। शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों के समक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बना लें। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लंबित नही होना चाहिए। यदि किसी भी विभाग का प्रकरण लंबित पाया जाएगा तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने निर्देशित किया कि लेखपाल और कानूनगो मौके पर जाकर शिकायत के निस्तारण से पूर्व निरीक्षण कर उसके बाद की आख्या लगाएंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मौके पर आए 37 प्रार्थना पत्र में राजस्व-18, पुलिस विभाग के पांच, विकास-चार, कृषि-एक, अन्य-नौ मामले शामिल रहे। इनमें मौके पर राजस्व के पांच मामलों का निस्तारण किया गया। तहसील दिवस में प्राप्त शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को तीन दिवस के अंदर निस्तारण की कार्रवाई संबंधित विभाग के अधिकारी को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी डाॅ. अभिषेक महाजन, उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह उपस्थित रहे।