- बाढ़ से प्रभावित 28 पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए नेपाल पुलिस का फैसला
- रोजगार, कौशल विकास और पुनर्वास के लिए भी दी जाएगी मदद
कपिलवस्तु। नेपाल पुलिस ने रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से प्रभावित पुलिसकर्मियों के बच्चों को प्राथमिक स्तर से स्नातकोत्तर स्तर तक मुफ्त शिक्षा देने का फैसला किया है। बाढ़ से सीधे प्रभावित 28 नेपाल पुलिसकर्मियों के बच्चों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।
नेपाल पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) दान बहादुर कार्की की अध्यक्षता में सोमवार को नेपाल पुलिस नीति विकास समिति की उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें बाढ़ के दौरान ड्यूटी पर तैनात और प्रभावित पुलिसकर्मियों के परिवारों की शिक्षा, रोजगार और दीर्घकालिक पुनर्वास को लेकर निर्णय लिए गए।
आईजीपी दान बहादुर कार्की ने कहा कि नेपाल पुलिस देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों और आपदा से प्रभावित उनके परिवारों के साथ है। संगठन प्रभावित परिवारों के बच्चों की शिक्षा और पुनर्वास के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा।
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डीआईजी अभिनारायण काफ्ले ने कहा कि देश की सेवा के दौरान प्रभावित हुए पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा व कल्याण संगठन की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से लंबे समय तक परिवारों की शिक्षा और आजीविका को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
पुलिस मुख्यालय में एसपी धर्मराज भंडारी ने बताया कि प्रभावित पुलिस परिवारों के अन्य सदस्यों की जरूरत और क्षमता के आधार पर कौशल आधारित व व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद रोजगार और आय के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
नेपाल पुलिस के अनुसार, आपदा के दौरान अग्रिम पंक्ति में तैनात पुलिसकर्मियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और पुनर्वास से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर आगे भी काम किया जाएगा।