भवानीगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के बनकटी में टुल्लू पंप में हाई वोल्टेज करंट उतरने से तीन किशोरी समेत चार सहेलियां चपेट में आ गईं। इसमें दो को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं दो की हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बनकटी गांव में सुबह करीब 9:30 बजे अचानक घरेलू कनेक्शन में हाई वोल्टेज बिजली आपूर्ति होने से गांव के कई घरों के तार और इलेक्ट्रिक उपकरण जल गए। घरों में भी करंट उतर गया। हाई वोल्टेज आने से गांव के ओमप्रकाश के घर का टुल्लू पंप अचानक चलने लगा उनकी पुत्री अपूर्व (20) दौड़कर पंप बंद करने पहुंची, इसकी बीच करंट की चपेट में आ गई। वहीं सरोज (19) पुत्री गुरू सहाय के घर का तार जलने लगा। जैसे ही उसका हाथ दीवार से सटा, उसे भी करंट लग गया। रुखसाना (14) वर्ष और संगीता (16) वर्ष को भी मामूली झटका लगा।
ग्रामवासियों में ओम प्रकाश, गंगाराम, सुखराम, दिलीप यादव, घिसियावन, भवन चौहान, लालू, कमलेश आदि ने बताया कि गांव में एक ही पोल पर हाई वोल्टेज और एलटी का कनेक्शन है, जिससे आए दिन घरों में हाई वोल्टेज सप्लाई आ जाया करती है। कई बार कर्मचारी और कई बार अफसरों से भी शिकायत की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।