सिद्धार्थनगर। दिवाली पर पटाखों की बिक्री के लिए जिले में 250 से अधिक अस्थायी दुकानों के लाइसेंस जारी किए गए हैं। शनिवार से इन दुकानों पर बिक्री शुरू होगी। इसके लिए शुक्रवार को दुकानदार निर्धारित स्थलों पर टेंट लगाने और अन्य तैयारियों में जुटे रहे। प्रशासन ने दुकानों पर आग से बचाव के लिए बालू, पानी और अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया है।
जिले की पांचों तहसीलों में पटाखा बिक्री के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। जिला मुख्यालय पर बीएसए ग्राउंड के पास दुकानें लगाई जाती हैं। शुक्रवार को यहां कुछ दुकानदार टेंट लगाने में जुटे थे। दुकानदारों का कहना था कि बिक्री की अनुमति शनिवार से है, इसलिए दुकानें भी उसी दिन पूरी तरह सजाई जाएंगी। बांसी में माघ मेला परिसर और इटवा में कस्बे के बांसी मार्ग स्थित निजी बस स्टैंड को पटाखा बिक्री के लिए चिह्नित किया गया है। वहीं, शोहरतगढ़ में खेतान बालिका इंटर कॉलेज परिसर में अस्थायी पटाखा बाजार लगाया जा रहा है।
आतिशबाजी के दौरान आग लगने या अन्य हादसों की आशंका को देखते हुए दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र, पानी और बालू की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पटाखों का सुरक्षित भंडारण करने और दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही धूम्रपान और आग जलाने पर रोक लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की निगरानी भी रहेगी।
निर्धारित स्थल के बजाय मुख्य मार्ग के किनारे खुलीं दुकानें : शाहपुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में पटाखा दुकानों के लिए प्रशासनिक निर्देशों के विपरीत मुख्य मार्ग के किनारे दुकानें लगाए जाने का मामला सामने आया है। दुकानों के पास विद्यालय और पेट्रोल पंप भी स्थित हैं। इससे हादसे की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने घनी आबादी से दूर हल्लौर आम के बाग में दुकानें लगाने का निर्देश दिए थे लेकिन कुछ दुकानदार वहां दुकान लगाने के बजाय डुमरियागंज-बस्ती मुख्य मार्ग के किनारे पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, तहसील क्षेत्र में करीब 20 अस्थायी पटाखा दुकानों के लिए आवेदन आए थे। एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने आवेदनों की जांच के लिए अग्निशमन विभाग और थाने से रिपोर्ट मांगी थी।
इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर हल्लौर आम के बाग में बिक्री स्थल निर्धारित करने की बात कही गई थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने बताया कि हल्लौर आम के बाग में पटाखा बिक्री की व्यवस्था कराई जाएगी। फायर सर्विस की टीम तैनात रहेगी।