खेसरहा। थाना क्षेत्र के डेहरा गांव निवासी शिव प्रसाद के नव-निर्मित मकान में बुधवार की रात रहस्यमय परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। बरामदे में खड़ी मारुति कार, भूसे का घर और लकड़ी सहित तमाम घरेलू सामान जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डेहरा गांव के उत्तर दिशा में नहर के पास शिव प्रसाद का नया मकान है। इसका निर्माण लगभग एक वर्ष पूर्व कराया गया था। फिलहाल इस भवन में कोई रात्रि निवास नहीं करता था। परिवार के सदस्य प्रतिदिन शाम को वहां खड़ी मारुति कार को छोड़कर गांव के पुराने मकान में लौट जाते थे। भाई बनारसी ने बताया कि बुधवार रात लगभग 11 बजे किसी ग्रामीण ने नए मकान में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता से आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु तब तक कार, भूसा और लकड़ी सहित काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनका कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, जांच की जा रही है।