बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के छगडिहवा गांव में सोमवार की सुबह नौ बजे के करीब धान कटाई के बकाए रुपये के लेन-देन को लेकर बबलू कश्यप और कंबाइन मशीन के मालिक सुबास गुप्ता में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
लाठी व डंडा चलने लगे। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। इस दौरान राम मूरत यादव और भागीरथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता बबलू कश्यप ने आरोप लगाया कि धान कटाई के रुपये के लेनदेन को लेकर सुबह नौ बजे कंबाइन मशीन के मालिक बस्ती बरगदवा निवासी सुबास गुप्ता व पप्पू गुप्ता अन्य 10 लोगों को लेकर उनके घर पहुंच गए। कहासुनी के बाद अपशब्दों का प्रयोग करते हुए लाठी व डंडे से मारने लगे। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे गांव निवासी राम मूरत यादव, भागीरथी व रवींद्र यादव को भी उन्होंने मारा-पीटा। पीड़ित ने कंबाइन मशीन मलिक और अन्य के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।