- महाविद्यालयों को लंबित आवेदन तत्काल पूरा कराने के निर्देश, 13 सितंबर शाम पांच बजे बंद होगा पोर्टल
सिद्धार्थनगर। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत पात्र छात्राओं के लंबित पंजीकरण को लेकर शासन ने महाविद्यालयों को अंतिम मौका दिया है। बृहस्पतिवार को हुई ऑनलाइन बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन महाविद्यालयों ने रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं कराया है, वे तत्काल प्रक्रिया पूरी कराएं।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक दीनानाथ यादव ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराने का प्रावधान है। संबंधित छात्राओं की सूची तैयार कर 11 से 13 सितंबर तक विश्वविद्यालय स्तर पर रजिस्ट्रेशन कराया जाना है। इसके बाद 13 सितंबर की शाम पांच बजे पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। शासन ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल बंद होने के बाद यदि कोई पात्र छात्रा रजिस्ट्रेशन से वंचित रह जाती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय और छात्रा की होगी।
महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी सूची में शामिल सभी पात्र छात्राओं के आवेदन समय से पूरा कराकर विश्वविद्यालय को भेजें ताकि किसी छात्रा का आवेदन तकनीकी या महाविद्यालय स्तर की देरी के कारण लंबित न रह जाए।