सकारपार। जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और सोशल मीडिया में अफवाहों से बाजार गर्म हो गया है। गांवों से लेकर कस्बों तक इन दिनों चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि दिन ढलते ही लोगों के मन में चोरी का खौफ घर करने लगता है।
शाम होते ही ग्रामीण चौकन्ने हो जाते हैं और अपने घर-परिवार की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो जाते हैं। बीते कुछ दिनों में क्षेत्र में हुई चोरी की कई वारदात सामने आई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन है।
बांसी कोतवाली क्षेत्र के मुडार छिबिया में चोरों के दहशत से डरे हुए ग्रामीण इन दिनों खुद लाठी-डंडों के साथ पहरेदारी कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चोर आए दिन किसी न किसी घर या दुकान को निशाना बना रहे हैं। हालात यह है कि अब हम लोग रात में चैन की नींद नहीं सो पा रहे। मजबूरी में गांव के लोग सामूहिक रूप से रात भर पहरा देने लगे हैं।
दर्जनों लोग लाठियों और डंडों के सहारे गलियों में घूमकर पहरेदारी कर रहे हैं। कई बार ग्रामीण शोर मचाकर चोरों को खदेड़ भी चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त पर निकलती है तो इधर भी आती है। इससे हम लोगों को थोड़ा बल मिलता है, लेकिन पुलिस के जाने के बाद ग्रामीणों में फिर से वही दहशत फैल जाती है।
मुडार छिबिया गांव निवासी दीपक त्रिपाठी ने बताया कि उनकी परेशानी यह है कि दिनभर की मेहनत के बाद जब रात को आराम करना चाहते हैं, तब चोरी के खौफ से जागकर पहरा देना पड़ता है। इससे कामकाज और दिनचर्या पर भी असर पड़ रहा है। वहीं, गांव की गलियों और सड़कों पर अंधेरा रहने के कारण भी अपराधियों को मौका मिल जाता है।
अंकित त्रिपाठी, सूरज यादव ,कन्हैया यादव ,मनोज शर्मा,अजय ,अमीरुद्दीन, सलीम, पिंटू यादव, हंसराज शर्मा ,आनंद त्रिपाठी, रवि शंकर यादव ,आलोक त्रिपाठी, मुकेश, अवध राज आदि ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए।
इस संबंध में बांसी कोतवाली प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से सक्रिय है। रात में गश्त भी की जा रही है। यदि कहीं किसी को चोर या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।