बस्ती। शहर में मिलावटी पनीर बनाने वाली फैक्टरी पकड़े जाने के बाद सोमवार की रात रुधौली में फॉर्च्यून ब्रांड की नकली रिफाइंड तेल का खेप पकड़ा गया। मंगलवार को कंपनी के अधिकारियों की जांच में तेल नकली पाए जाने की पुष्टि हुई। कंपनी के एएसएम कृष्ण मोहन मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद लोगों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे व्यापारियों में हड़कंप मचा है। रुधौली के थानेदार संजय दूबे ने बताया कि वाहन चालक गोरखपुर जनपद के खोखर टोला निवासी इरशाद, सप्लायर खोखर टोला निवासी पंकज पासवान, घासी कटरा निवासी धर्मवीर गुप्ता उर्फ भोले, व्यापारी रुधौली कस्बा निवासी शिव प्रसाद, व्यापारी सिद्धार्थनगर जनपद के शिवनगर डीड़ई निवासी जसपाल पर एफआईआर दर्ज किया गया है। कंपनी के एएसएम कृष्ण मोहन मिश्रा ने बताया कि गोरखपुर के साहबगंज मंडी से एक छोटी चार पहिया गाड़ी पर छह टिन फॉर्च्यून कंपनी का नकली रिफाइंड तेल रुधौली लाया गया था।
इसकी भनक डिस्ट्रीब्यूटर अमित बरनवाल को लग गई। उन्होंने पुलिस के साथ सोमवार की रात रुधौली-बांसी मार्ग पर यूनियन बैंक की शाखा के पास से एक गाड़ी में नकली रिफाइंड तेल का खेप पकड़ लिया। इस बीच मौका पाकर गली के रास्ते चालक भाग गया। उन्होंने बताया कि रुधौली क्षेत्र में काफी दिनों से उनकी कंपनी के नाम पर नकली रिफाइंड तेल की बिक्री हो रही थी। इससे रुधौली क्षेत्र में फॉर्च्यून कंपनी के रिफाइंड तेल के सेल्स पर लगातार असर पड़ रहा था।
इसके बाद डिस्ट्रीब्यूटर अमित बरनवाल सेल्स घटने के कारणों का पता लगाने में जुट गए थे। इसके लिए उन्होंने अपने नेटवर्क को सक्रिय किया। गोरखपुर के साहबगंज मंडी से सोमवार को जैसे ही नकली रिफाइंड तेल लादकर गाड़ी रुधौली रवाना हुई कि डिस्ट्रीब्यूटर को सूचना मिल गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।