उसका बाजार। नगर पंचायत उसका बाजार के अशोक नगर (महुआ) में सोमवार को पटाखों में विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। हादसे में एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। गनीमत रही कि विस्फोट के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पटाखा बनाने में प्रयुक्त बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई।
महुआ निवासी बालजीत यादव के अनुसार, पटाखा फैक्टरी संचालक ने अपने घर के बाहर खुले में पटाखे सुखाने के लिए रखे थे। इसी दौरान खेत से चरकर लौट रही उनकी भैंस का पैर पटाखों पर पड़ गया, जिससे तेज धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। धमाके में भैंस के पैर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर उसका उपचार शुरू किया।
घटना की सूचना मिलने पर उसका बाजार थाने की पुलिस और नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की।
पुलिस ने मौके से पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला बारूद और अन्य सामग्री बरामद की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से लाइसेंसधारक की ओर से चोरी-छिपे पटाखे बनाने का काम किया जा रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि आबादी के बीच इस तरह पटाखे बनाने और रखने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पटाखा फैक्टरी संचालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।