चिल्हिया। थाना क्षेत्र के करौती गांव में रविवार रात 35 वर्षीय युवक का शव घर के ऊपरी कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
करौती गांव निवासी महेंद्र सिंह के बेटे राजन सिंह का शव रात करीब 10 बजे कमरे में मिला। थानाध्यक्ष पवन कुमार मौर्य के अनुसार, परिजन ने बताया कि राजन काफी समय से किसी बात को लेकर परेशान थे। हालांकि, उनके फंदे पर लटकने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने परिजन की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव नीचे उतरवाया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।