बांसी। दिवाली और लक्ष्मी पूजा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को कोतवाली बांसी में पीस कमेटी की बैठक हुई। तहसीलदार बृजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों ने पर्व को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
इसके साथ ही पूजा पंडालों की सुरक्षा और शासन के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया। तहसीलदार ने कहा कि भारत पर्व प्रधान देश है। अनेकता में एकता हमारी पहचान है। सभी पर्व आपसी मेलजोल और सौहार्द के साथ मनाने की परंपरा को कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रतिमा स्थापना और पंडाल निर्माण से जुड़ी समितियों को शासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने और जरूरी व्यवस्थाएं पूरी रखने की अपील की।
कोतवाल महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि सभी लोग दिवाली और लक्ष्मी पूजा का पर्व परंपरागत तरीके से उल्लास के साथ मनाएं। प्रतिमा स्थापित करने वाली समितियां पंडाल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। बिजली के तारों की सही तरीके से टेपिंग कराएं। पंडाल में पानी और बालू की व्यवस्था जरूर रखें, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव किया जा सके। कहीं कोई समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने चेतावनी दी कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।